Hisar Economic Crime Branch: आर्थिक अपराधों से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने और लंबित मामलों को जल्द निपटाने के लिए हिसार के पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने बुधवार को आर्थिक अपराध शाखा की मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में डीएसपी क्राइम कमलजीत सिंह, आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक निर्मला सहित अनुसंधान अधिकारी मौजूद रहे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बैठक में एसपी ने आर्थिक अपराध शाखा में चल रहे मामलों की मामलेवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जांच की मौजूदा स्थिति, लंबित कार्यवाही, साक्ष्य जुटाने, आरोपियों की गिरफ्तारी, बरामदगी और ठगी की रकम की वसूली के बारे में जानकारी ली।
जांच में देरी पर होगी जवाबदेही
एसपी सिद्धान्त जैन ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि आर्थिक अपराध से जुड़े किसी भी मामले की जांच बेवजह लंबित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक जांच अधिकारी को अपने मामलों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए निर्धारित समय में जांच पूरी करने को कहा गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में लापरवाही या अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें: 9 साल से फरार दोहरी हत्या का आरोपी गिरफ्तार, AGS Team की बड़ी कार्रवाई
बैंक खातों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच पर जोर “Hisar Economic Crime Branch”
बैठक में आर्थिक अपराधों की जांच के दौरान बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की बारीकी से जांच करने के निर्देश दिए गए। अपराध से जुड़ी रकम या संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार बरामदगी और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने कहा कि आर्थिक अपराधों का सीधा असर आम लोगों की मेहनत की कमाई, संपत्ति और आर्थिक हितों पर पड़ता है। इसलिए धोखाधड़ी, जालसाजी, अमानत में खयानत और अन्य वित्तीय अपराधों की जांच गंभीरता और पेशेवर तरीके से की जानी चाहिए।
निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जांच के दौरान किसी भी तरह का बाहरी दबाव या पक्षपात स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। साथ ही निर्दोष लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
लंबित मामलों के जल्द निपटारे पर फोकस
एसपी ने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने और जांच के दौरान सामने आने वाली कमियों को तुरंत दूर करने को कहा। जिन मामलों में जांच पूरी हो चुकी है, उनमें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जल्द पूरी कर न्यायालय में चालान पेश करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का लक्ष्य केवल मामले दर्ज करना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण जांच के जरिए पीड़ितों को न्याय दिलाना और आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्पक्षता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए आर्थिक अपराधों की रोकथाम और जांच को प्राथमिकता देने को कहा।
Source: Hisar Police
यह खबर भी पढ़ें: Sultanpuri Police: बटनदार चाकू के साथ 33 मामलों में आरोपी BC गिरफ्तार













