Jind News : हरियाणा के जींद में नरवाना से उचाना के बीच रात को आटो ड्राइवर को लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे भीतर ही काबू कर लिया है। लूट की घटना के दौरान आरोपी नशे की हालत में थे और उन्होंने नशे की पूर्ति के लिए लूट का प्लान बनाया था। उचाना थाना पुलिस ने लूटी गई ऑटो, 1200 रुपए, मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान नरवाना की मोर पत्ती निवासी साहिल और धनौरी गांव के अंकित के रूप में हुई है।
उचाना थाना प्रभारी SI बलवान ने बताया कि 30 अगस्त को उन्हें शिकायत मिली थी, जिसमें नरवाना निवासी सत्यवान ने बताया था कि वह रात एक बजे के करीब ऑटो लेकर नरवाना रेलवे स्टेशन के बाहर सवारियों का इंतजार कर रहा था। मध्यरात्रि के बाद दो युवक उसके पास आए और जींद चलने के लिए कहा। जिस पर उसने 800 रुपए किराया मांगा।
दोनों युवको ने छात्र बताया और कहा कि 600 रुपए ले ले। वह मान गया और दोनों को लेकर जींद के लिए रवाना हो गया। गांव घासो के पास युवकों ने उसे रूकवा लिया और माइनर के रास्ते सामान लेने के लिए कुछ दूर चलने के लिए कहा। वह हाईवे से दो एकड़ पटरी पर चला था कि दोनों युवको ने उसे काबू कर लिया। शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
दोनों आरोपियों ने उसके हाथ व पांव गमछे से बांध दिए और जमीन पर डाल दिया। इसके बाद आरोपियों ने उससे 1200 रुपए कैश, मोबाइल फोन छीन लिया और आरोपी उसका ऑटो लेकर फरार हो गए। जिसके बाद वह किसी तरह एक ढाबे पर पहुंच कर घटना के बारे में बताते हुए पुलिस को सूचना दी। उचाना थाना पुलिस ने ऑटो चालक सत्यवान की शिकायत पर अज्ञात दो युवकों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकारते हुए बताया कि उन्होंने पीड़ित से लूटे गए ऑटो, मोबाइल व 1200 रुपये छिपा रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया ऑटो, मोबाइल व नगदी को बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू भी बरामद किए गए हैं।













